हजरतबल की घटना के बाद J&K में सख्ती, Mirwaiz को भी किया गया नजरबंद !
Friday, Sep 12, 2025-07:02 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु और हुरिर्यत कॉन्फ्रैंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक को पुराने श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में धार्मिक आयोजन से पहले अधिकारियों ने नजरबंद कर दिया है। मीरवाइज ने आरोप लगाय कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कई बड़े धार्मिक विद्वानों को इस धार्मिक आयोजन में भाग लेना था लेकिन उन्हें बाहर जाने से रोक दिया गया।
हुर्रियत नेता ने अधिकारियों पर कश्मीर के धार्मिक मामलों में लगातार हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। मीरवाइज ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हमारे मानवीय और राजनीतिक अधिकारों का पहले से ही हनन किया जा रहा है। फिर हमारे धार्मिक मामलों में लगातार हस्तक्षेप हो रहा है, जिसके उदाहरण के तौर पर हमें बंद करना, हजरतबल में अशोक पट्टिका से लेकर मुस्लिम कैलेंडर के त्यौहारों में दखलंदाजी और मस्जिदों में धार्मिक आयोजनों की अनुमति न देने जैसे मुद्दों पर हमारी आवाज दबाना शामिल है।' उन्होंने कहा कि जामिया मस्जिद का मंच धार्मिक हस्तक्षेप या लोगों के अधिकारों के उल्लंघन और उनके अधिकारों के हनन के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।
जम्मू-कश्मीर पुलिस और उप-राज्यपाल प्रशासन ने मीरवाइज के आरोपों का कोई जवाब नहीं दिया। इधर प्रशासन ने हजरतबल दरगाह पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है क्योंकि हजारों लोगों के जुमे की नमाज में शामिल होने की उम्मीद है, जो पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के जश्न के एक सप्ताह के समापन का प्रतीक है।
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को दरगाह पर श्रद्धालुओं ने राष्ट्रीय प्रतीकचिन्ह को तोड़ दिया था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और कई श्रद्धालुओं से पूछताछ की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here