Baramulla में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई श्री गुरु नानक देव जी की जयंती, गुरुद्वारा साहिब में उमड़े श्रद्धालु
Tuesday, Nov 24, 2026-02:55 PM (IST)
बारामूला(रिजवान मीर): सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी की जयंती ओल्ड टाउन बारामूला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा छठी पातशाही में बड़े श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सिख समुदाय के लोगों ने भाग लिया।

इस दौरान कई सामाजिक एवं राजनीतिक नेताओं ने भी गुरुद्वारे में पहुंचकर श्री गुरु नानक देव जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विशेष लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों और वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। लंगर के माध्यम से समानता, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बारामूला के अध्यक्ष परमजीत सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके महान विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा शांति, मानवता, समानता, दया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं।

इस मौके पर बारामूला के विधायक जावेद हसन बेग ने भी गुरुद्वारा चट्टी पादशाही में हाजिरी दी और सिख समुदाय के लोगों को गुरु नानक देव जी की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन क्षेत्र में शांति, खुशहाली, समृद्धि और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की विशेष अरदास के साथ हुआ।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
