अमरनाथ यात्रा 2024 : पंजीकरण के लिए जम्मू के बैंकों में लगी श्रद्धालुओं की भीड़

4/16/2024 11:51:30 AM

जम्मू: इस वर्ष 29 जून से शुरु होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए सोमवार से जम्मू के विभिन्न बैंकों में अग्रिम यात्री पंजीकरण शुरू हो गया है। बैंकों के खुलने से पहले गेट पर यात्रा के इच्छुक श्रद्धालुओं की लाइन लगी हुई थी। जम्मू और कश्मीर के पी.एन.बी., एस.बी.आई. और जे.के. बैंक की 21 शाखाओं में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

यह भी पढ़ें :  श्रीनगर में घटा दर्दनाक हादसा, नाव पलटने से 3 students की गई जान

पंजाब नैशनल बैंक रिहाड़ी शाखा के डिप्टी जनरल मैनेजर राकेश शर्मा के अनुसार पंजीकरण के लिए देश भर में पी.एन.बी. की 316 शाखाएं अधिकृत की गई हैं। पी.एन.बी. की शाखा ने बालटाल और पहलगाम मार्ग से यात्रा के लिए 20-20 पंजीकरण किए हैं। इसी तरह अलग-अलग बैंकों को कोटा निर्धारित किया गया है। बैंक की शाखाओं में पंजीकरण से पहले यात्री को आधार कार्ड प्रमाणीकरण के साथ स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र बनवाना अनिवार्य है। देशभर में जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नैशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और येस बैंक की 540 शाखाओं को अधिकृत किया गया है। गौरतलब है कि जम्मू और कश्मीर में जम्मू के अलावा साम्बा, कठुआ, डोडा, बिलावर, पुंछ, राजौरी, रामबन, उधमपुर, रियासी और किश्तवाड़ शाखाओं को अधिकृत किया गया है।

यह भी पढ़ें :  कश्मीर में भारी बारिश का कहर, डूबने की कगार पर यह इलाका

उल्लेखनीय है कि इस साल अमरनाथ यात्रा की शुरूआत 29 जून को होगी जो सावन पूर्णिमा यानी 19 अगस्त तक 52 दिनों तक जारी रहेगी। जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने सुचारु और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। अनंतनाग जिले में पहलगाम ट्रैक और गांदरबल जिले में बालटाल दोनों मार्गों से एक साथ यात्रा शुरू होगी। जम्मू के बेस कैम्प यात्री निवास से यात्रियों का पहला जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच बालटाल और पहलगाम बेस कैम्प के लिए रवाना होगा। यात्री पंजीकरण के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के बिना यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़ें :  सफेद चादर से ढका गांदरबल का मशहूर पर्यटक स्थल, बर्फबारी से इलाके में बढ़ी ठंड

 

आर.एफ.आई.डी. कार्ड न होने पर किसी भी यात्री को आगे जाने की इजाजत नहीं मिलेगी

यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए इस बार भी आर.एफ.आई.डी. कार्ड अनिवार्य होगा। आर.एफ.आई.डी. बायोमैट्रिक आइडेंटिफिकेशन है जो पंजीकरण के दौरान जारी किए जाएंगे। आर.एफ.आई.डी. कार्ड को यूनिक नंबर दिए जाएंगे जिसमें यात्रा करने पहुंचे यात्रियों की सारी जानकारी मौजूद होगी। कार्ड न होने पर या गायब होने पर किसी भी यात्री को आगे जाने की इजाजत नहीं मिलेगी। यात्रा पूरी होने पर यात्रियों को ये कार्ड वापस प्रशासन को लौटाना होगा।

Sunita sarangal

Advertising