LPG की आड़ में जेब पर डाका! गैस सिलेंडर की अवैध बिक्री के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

Saturday, Mar 14, 2026-04:26 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर )  :   मिडल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के चलते तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इसी बीच हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कई जगहों पर गैस की किल्लत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि केंद्र और राज्य सरकार बार-बार स्पष्ट कर रही हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

जम्मू में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग के सर्वर कई बार ठप होने की शिकायतें सामने आई हैं, जिसके चलते लोग सीधे गैस डीलरों के पास पहुंच रहे हैं। कई एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। वहीं कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किए जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं।

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में एक गैस डीलर को कालाबाजारी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। इसी बीच कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति या डीलर LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हुए पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए आज जम्मू में डोगरा फ्रंट के प्रधान अशोक गुप्ता और उनके साथियों ने LPG सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अशोक गुप्ता ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि जो भी लोग गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में शामिल हैं, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

डोगरा फ्रंट ने प्रशासन से यह भी अपील की कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को समय पर LPG सिलेंडर उपलब्ध हो सकें।

PunjabKesari

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News