Jammu and Kashmir में धान की खेती पर मंडराया संकट, चिंता में किसान
Tuesday, Feb 24, 2026-04:21 PM (IST)
बारामूला (रेजवान मीर): नौशेरा बोनियार के निवासियों ने धान की खेती के मौसम से पहले पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हुआ तो आने वाले महीनों में धान के खेतों की तैयारी बुरी तरह प्रभावित होगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरकार की ओर से पहले क्षेत्र में उचित ड्रेनेज सिस्टम बनाने और भूमि मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक न तो ड्रेनेज का कार्य पूरा हुआ है और न ही प्रभावित लोगों को मुआवजा मिला है।
किसानों का कहना है कि पानी की कमी से कृषि गतिविधियों पर असर पड़ेगा, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मीर मुश्ताक ने जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है ताकि किसानों को राहत मिल सके। वहीं, तहसीलदार बोनियार ने बताया कि क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है और यह काम बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) को सौंपा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण जल्द ही पूरा किया जाएगा और लोगों की मांगों पर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेती के मौसम से पहले सभी कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
