जम्मू-कश्मीर में वाहन चालक सावधान! NH-44 पर बारिश के चलते अलर्ट जारी

Sunday, Aug 30, 2026-10:48 PM (IST)

जम्मू/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार 29 अगस्त शाम 4 बजे से 30 अगस्त शाम 4 बजे तक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर यातायात काफी धीमा रहा। उधमपुर के डावल में सड़क के सिंगल लेन होने तथा सड़क की ऊबड़-खाबड़ सतह के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके अलावा मरोग से किश्तवाड़ी पाथर के बीच सिंगल लेन मार्ग और मरोग व डिगडोल में दो वाहनों के खराब होने से भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

डावल, उधमपुर में करीब 30-40 मीटर के सिंगल लेन हिस्से के कारण ट्रैफिक को नियंत्रित तरीके से चलाया गया।

बारिश के बीच यात्रा को लेकर एडवाइजरी

IMD की ओर से आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क की स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही यात्रा करें। यात्री TCU श्रीनगर, रामबन और जम्मू से सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा J&K ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर भी अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और LMV चालकों को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय यात्रा करने की सलाह दी है। रात में यात्रा से बचने को कहा गया है, क्योंकि रामबन-बनिहाल के बीच पत्थर गिरने, भूस्खलन और निर्माण कार्य के कारण परेशानी हो सकती है।

तेल-गैस टैंकरों की आवाजाही पर प्रतिबंध

NHAI की ओर से डिगडोल-खूनी नाला क्षेत्र में चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते कश्मीर जाने वाले तेल और गैस टैंकरों की दिन के समय सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

ज्वलनशील सामग्री से लदे टैंकरों को सुरंगों से गुजरने की अनुमति नहीं है। ऐसे में अप-टैंकरों को शाम 5 बजे के बाद से सुबह 5 बजे तक ही चेनानी से आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। टैंकर संचालकों को उसी अनुसार यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

ओवरलोडिंग से बचने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने मालवाहक वाहनों के मालिकों और चालकों को ओवरलोडिंग से बचने और पर्याप्त ईंधन साथ रखने की सलाह दी है। यात्रा से पहले वाहनों की फिटनेस भी अच्छी तरह जांचने को कहा गया है।

रामबन-बनिहाल के बीच भूस्खलन और पत्थर गिरने वाले संवेदनशील इलाकों में बेवजह वाहन रोकने से बचने की अपील की गई है।

31 अगस्त के लिए ट्रैफिक प्लान

मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर 31 अगस्त को जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर यात्री वाहन, निजी कारें और मालवाहक वाहन जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू दोनों दिशाओं में चल सकेंगे।

वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने की सलाह दी गई है। ओवरटेकिंग और गलत लेन में वाहन चलाने से जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।

किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग NH-244

मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने तथा NHIDCL से हरी झंडी मिलने के बाद LMV और निजी कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।

पराना से अनंतनाग: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
डक्सुम से किश्तवाड़: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक

निर्धारित कट-ऑफ समय के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

SSG रोड पर भी समय निर्धारित

श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने पर LMV को दोनों दिशाओं में आवाजाही की अनुमति होगी। सोनमर्ग से कारगिल और मिनामर्ग से श्रीनगर की ओर वाहनों को दोपहर 1 बजे तक चलने की अनुमति होगी।

HMV को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सोनमर्ग से कारगिल की ओर जाने की अनुमति होगी। शाम 5 बजे के बाद किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। फिसलन वाली सड़क को देखते हुए वाहन चालकों को एंटी-स्किड चेन साथ रखने और इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

मुगल रोड पर भी समय सीमा

मुगल रोड (NH-701A) पर मौसम और सड़क की स्थिति बेहतर रहने तथा GREF से मंजूरी मिलने के बाद LMV और अधिकतम 10 टायर तक के HMV दोनों दिशाओं में चल सकेंगे।

चांदिमार्ग (बफ्लियाज) से शोपियां: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
हेरपोरा (शोपियां) से पुंछ: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक

निर्धारित समय के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए