अवैध शराब के धंधे पर पुलिस ने कसा शिकंजा, हजारों लीटर लाहन नष्ट, 2 आरोपी Arrest
Saturday, Apr 18, 2026-12:09 PM (IST)
कठुआ(लोकेश वर्मा): जिला कठुआ में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर हुई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने बड़ी मात्रा में लाहन नष्ट किया और देसी शराब बरामद की है।
पहली कार्रवाई के तहत नगरी पुलिस टीम ने चक दराब खान निवासी नीमा देवी पत्नी राणा को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से अवैध देसी शराब की बिक्री में शामिल बताई जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह एक्सप्रेसवे के पास बडाला गांव क्षेत्र में अवैध शराब बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सड़क से करीब 100 मीटर दूर खेतों में एक पेड़ के नीचे बैठी महिला को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 30 लीटर देसी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को मौके पर ही जब्त कर लिया गया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में पुलिस स्टेशन कठुआ में धारा 48 (ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस स्टेशन जखोल की टीम ने एस.एच.ओ. राजबाग के मार्गदर्शन में जुथाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि जुथाना निवासी तारा चंद का पुत्र शाम लाल अवैध रूप से देसी शराब तैयार कर रहा है और उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी कर आरोपी के कब्जे से लगभग 20 लीटर देसी शराब बरामद की। इसके साथ ही मौके पर करीब 3050 लीटर लाहन को नष्ट किया गया तथा शराब बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तन भी जब्त किए गए। इस संबंध में पुलिस स्टेशन राजबाग में धारा 48 (ई) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे ही अभियान चलाकर इस अवैध धंधे पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
