घर में घुस 2 भाइयों पर जानलेवा हमला, एक की मौत, दूसरा लड़ रहा जिंदगी की लड़ाई
Thursday, May 07, 2026-01:03 PM (IST)
कठुआ(महाजन, राकेश): जिले के राजबाग क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 में उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर 2 सगे भाइयों पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 18 वर्षीय नकुल सिंह पुत्र स्व. बलवीर सिंह के रूप में हुई है, जबकि 16 वर्षीय निखिल सिंह गंभीर रूप से घायल है। दोनों भाई 10वीं और 11वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं और घटना के समय घर में अकेले थे।
मां ज्योति देवी ने बताया कि जब वह घर पहुंचीं तो दोनों बेटे खून से लथपथ पड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि किसने हमला किया, इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है, हालांकि पड़ोस के कुछ लोगों के साथ पहले किसी बात को लेकर अनबन जरूर रही है।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर में घुसकर बैट से हमला किया। घटना के बाद दोनों को तुरंत जी.एम.सी. अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नकुल सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि निखिल सिंह का इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थाना प्रभारी कठुआ आशीष शर्मा और डी.एस.पी. रविंद्र सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
