जुलाई बना श्रीनगर के लिए इतिहास, जानें क्या है वजह

Thursday, Aug 08, 2024-10:09 AM (IST)

श्रीनगर: स्वतंत्र मौसम पर्यवेक्षक फैजान आरिफ ने बताया कि जुलाई 2024 श्रीनगर के इतिहास में दूसरा सबसे गर्म महीना है, जिसमें औसत तापमान 26.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह जुलाई 2024 के महीने ने श्रीनगर के इतिहास में अपनी जगह बना ली है। 

फैजान ने जानकारी देते बताया कि जुलाई 2024 में दर्ज औसत तापमान 26.6 डिग्री सैल्सियस था, जो 1944 के सबसे गर्म जुलाई की तुलना में केवल 0.1 डिग्री सैल्सियस कम था। जुलाई 2024 में औसत न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सैल्सियस था, जबकि 2022 में यह 20.6 डिग्री सैल्सियस और 1944 में अब तक का सबसे अधिक तापमान 20.7 डिग्री सैल्सियस था। इसके अलावा दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और कोकरनाग में संभवत: अब तक का सबसे गर्म जुलाई तापमान दर्ज किया गया। औसतन अगले 10-15 दिनों तक सामान्य से अधिक तापमान जारी रहने की उम्मीद है।

फैजान ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग ही वह वास्तविक कारण है जिसकी वजह से हम पूरी दुनिया में सामान्य से ज्यादा तापमान देख रहे हैं। जुलाई में दिन का औसत तापमान 33.0 डिग्री सैल्सियस रहा, जबकि 1946 में 33.1 डिग्री सैल्सियस और 1934 में 33.7 डिग्री सैल्सियस तापमान सबसे ज़्यादा गर्म रहा था। गत 28 जुलाई को श्रीनगर में 36.2 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो 9 जुलाई 1999 के बाद सबसे गर्म दिन था, जब पारा 37 डिग्री सैल्सियस पर था।

श्रीनगर में जुलाई का सबसे गर्म दिन 10 जुलाई 1946 को दर्ज किया गया था, जब पारा 38.3 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया था। श्रीनगर में 132 सालों में तीसरा सबसे कम तापमान 24.6 डिग्री सैल्सियस 27/28 जुलाई की दरम्यानी रात को दर्ज किया गया। दूसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सैल्सियस 26 जुलाई, 2021 को दर्ज किया गया, जबकि 21 जुलाई, 1988 को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था।

फैजान ने कहा कि जून और जुलाई के महीनों में 3.69 प्रतिशत बारिश की कमी रही। उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में सामान्य से कम बारिश का मुख्य कारण नमी वाली तेज मानसूनी हवाओं का न चलना है। काजीगुंड और कोकरनाग सहित कश्मीर घाटी के अन्य मौसम केंद्रों ने भी जुलाई में अब तक का सबसे गर्म तापमान दर्ज किया। इस बीच अगले एक पखवाड़े तक कश्मीर घाटी में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में अगले 10 से 15 दिनों के दौरान कुल मिलाकर गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है।


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News