झिड़ी मेले से पहले लोगों में रोष, मेला स्थल की अनदेखी पर प्रशासन को घेरा

Tuesday, Nov 17, 2026-05:21 PM (IST)

जम्मू(तनवीर सिंह): झिड़ी मेला लगने को अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं, लेकिन मेला स्थल की अनदेखी को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि आखिर क्यों प्रशासन द्वारा मेला स्थल के विकास कार्य की ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। अगर कोई काम शुरू भी किया जाता है, तो उसे पूरा होने में वर्षों क्यों लग जाते हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले एक साल से भी अधिक समय से मेला स्थल पर स्थित बाबा जित्तो-बुआ कोड़ी मंदिर का विकास कार्य चल रहा है। लेकिन अफसोस की बात है कि इतना समय बीत जाने के बाद भी अभी तक मंदिर के मुख्य द्वार पर टाइल या प्लास्टर तक नहीं किया गया है।

मेला स्थल का विकास कार्य क्यों चल रहा है कछुआ चाल?

लोगों का कहना है कि आखिर झिड़ी मेला स्थल का विकास कार्य ही क्यों कछुआ चाल चल रहा है। आखिर क्या कारण है कि मेला स्थल व आसपास के इलाके की अनदेखी की जाती है और इसके साथ इतना भेदभाव क्यों किया जाता है। जबकि हर वर्ष यहां मेला लगता है और जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली व अन्य बाहरी राज्यों से लाखों श्रद्धालु यहां झिड़ी मेला में पहुंचते हैं। इसके बावजूद मेला स्थल की अनदेखी क्यों की जाती है, यह समझ से बाहर है।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने मेला स्थल के आसपास की सड़कों पर लाइटिंग व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी मांग की है। क्योंकि मेला स्थल के आसपास की सड़कों से श्रद्धालुओं को पैदल बाबा तालाब मंदिर और बाबा तालाब से जुड़े मंदिर जाना होता है। लेकिन सड़कों पर लाइटिंग व्यवस्था न होने के चलते अंधेरे में श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है।

वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि सिर्फ मेले के दौरान ही प्रशासन को झिड़ी मेला स्थल की याद क्यों आती है। इससे पहले इस ओर ध्यान क्यों नहीं दिया जाता। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मेला स्थल के विकास कार्य को जल्द पूरा किया जाए और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं दी जाएं।

विधायक सुरिंदर कुमार भगत ने दिया आश्वासन

इसी मामले में स्थानीय विधायक सुरेंद्र कुमार भगत ने आश्वासन दिया है कि बाबा जित्तो-बुआ कोड़ी मंदिर के विकास कार्य का काम चल रहा है और अगले वर्ष मेले तक गेट का यह कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर के मुख्य गेट पर टाइलिंग वर्क देखने को मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लाइटिंग व्यवस्था में भी अगले दो से तीन दिनों में सुधार किया जाएगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News