जम्मू नगर निगम का बड़ा Action! इस इलाके में चला पीला पंजा
Sunday, Feb 22, 2026-05:21 PM (IST)
जम्मू (रोशनी): जम्मू नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गंग्याल में बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान निगम की टीम ने इलाके की मुख्य सड़कों और फुटपाथों पर हुए अवैध कब्जों को सख्ती से हटाया।
टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से दुकानदारों और ठेला-रेहड़ी वालों द्वारा सड़क किनारे बनाए गए शेड, स्टैंड, सीढ़ियां और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान अवैध रूप से फुटपाथ पर लगाए गए स्टॉल, रेहड़ी और अन्य अस्थायी दुकानों को भी पूरी तरह हटाया गया।

निगम अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका मकसद जम्मू शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
टीम ने दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से अपील की कि वे अपना सामान दुकान की सीमा रेखा के अंदर ही रखें और सड़कों या फुटपाथों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी होती है, जबकि पैदल राहगीरों को भी सुरक्षित चलने में दिक्कत आती है। इससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
निगम टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से बचने के लिए सभी दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को नियमों का पालन करने की सलाह दी। रेहड़ी-पटरी वालों से भी अपील की गई कि वे अवैध रूप से सड़क या फुटपाथ पर जगह न घेरें और निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
