Jammu Kashmir Weather Update : आज के लिए विभाग ने जारी किया Alert

Tuesday, May 12, 2026-12:42 PM (IST)

जम्मू(रोशनी): जम्मू में सोमवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह लोगों को धूप के दर्शन हुए, लेकिन दोपहर 12 बजे के करीब मौसम ने करवट ली और संभाग में घने बादल छा गए। ठंडी हवाएं चलने लगीं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। हालांकि बारिश कुछ देर ही हुई और उसके बाद दोबारा धूप निकल आई। शाम तक धूप-छांव का खेल चलता रहा।

वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार, 12 मई के लिए जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार ऑरेंज अलर्ट के दौरान जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसके साथ ही बादल गरजने और बिजली चमकने की भी संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बिजली के खंभों, जर्जर संरचनाओं से दूर रहें

मौसम विभाग ने खराब मौसम की अवधि के दौरान लोगों से अपील की है कि तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली के खंभों, तारों, पुराने पेड़ों और जर्जर इमारतों से दूरी बनाकर रखें। इसके साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि बोटिंग, रिवर राफ्टिंग और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों को स्थगित रखें। किसानों को 13 मई तक कृषि गतिविधियां स्थगित रखने की सलाह दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News