J&K Elections : दूसरे चरण के 238 उम्मीदवारों में से कितने हैं करोड़पति ? जानें सब की कुंडली

Thursday, Sep 19, 2024-12:57 PM (IST)

जम्मू डेस्क: जम्मू-कश्मीर में 10 सालों के बाद विधानसभा चुनाव शुरू हो चुके हैं। दूसरे चरण की यदि बात करें तो उसके चुनाव 25 सितंबर को होंगे। इस दौरान 238 उम्मीदवार चुनावी रण में उतरे हैं। जानकारी के अनुसार 238 उम्मीदवारों में से 131 उम्मीदवार जो कि 55 प्रतिशत बनता है, करोड़पति हैं। इनमें कांग्रेस के 6 के 6 उम्मीदवार, नेकां के 20 में से 18, भाजपा के 17 में से 13 और पी.डी.पी. के 26 में से 19 उम्मीदवार करोड़पति हैं।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति 5.80 करोड़ है। यदि हम पार्टियों की बात करें तो कांग्रेस के 6 उम्मीदवारों की प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति के हिसाब से 29.39 करोड़, नेशनल कांफ्रेंस के 20 उम्मीदवारों की 11.21 करोड़, 17 भाजपा उम्मीदवारों की 11.07 करोड़ और पी.डी.पी. के 26 उम्मीदवारों की प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति के हिसाब से 5.24 करोड़ संपत्ति बनती है।

अगर हम सबसे अमीर उम्मीदवार की बात करें तो पहले नंबर पर जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के छन्नपोरा से उम्मीदवार सईद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी आते हैं जिनकी लगभग 165 करोड़ चल-अचल संपत्ति बनती है। इसमें से उनकी चल संपत्ति 100 करोड़ से अधिक और अचल संपत्ति 63 करोड़ से अधिक है। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस के तारिक हमीद कर्रा जो कि सेंट्रल शल्तांग से चुनाव लड़ रहे हैं, की लगभग 148 करोड़ संपत्ति बनती है। इसमें से उनकी चल संपत्ति 44 लाख से अधिक और अचल संपत्ति 148 करोड़ के करीब है। वहीं तीसरे नंबर पर नेकां के छन्नपोरा से उम्मीदवार और सईद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी के प्रतिद्वंदी मुश्ताक गुरु की लगभग 94 करोड़ से अधिक संपत्ति है। इसमें से उनकी चल संपत्ति साढ़ें 6 करोड़ से अधिक और अचल संपत्ति 87 करोड़ के अधिक है।

यदि हम सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवारों की बात करें तो उनमें सबसे पहले नाम सूरनकोट से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद अकरम का आता है जिनके पास कुल संपत्ति केवल 500 रुपए है। इसके बाद भाजपा के नौशहरा से उम्मीदवार रविन्दर रैणा का नाम आता है जिनके पास केवल 1000 रुपए संपत्ति हैं। इन दोनों के अलावा एक और नाम है जो कि नेशनल रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया के समीर अहमद भट हैं, जिनकी कुल संपत्ति 1694 है। इन तीनों उम्मीदवारी की कुल संपत्ति चल संपत्ति है।

इन उम्मीदवारों पर है करोड़ों की देनदारी

अब बात करते है उन उम्मीदवारों की जो उच्च देनदार हैं। पुंछ हवेली से निर्दलीय उम्मीदवार मसूद अहमद की कुल संपत्ति 38 करोड़ से ज्यादा है जबकि 10 करोड़ से अधिक उनकी देनदारी है। दूसरे नंबर पर भाजपा के कालाकोट-सुंदरबनी से उम्मीदवार रणधीर सिंह की कुल संपत्ति साढ़ें 26 करोड़ से ज्यादा है जबकि 9 करोड़ से ज्यादा उनकी देनदारी है। वहीं तीसरे नंबर पर जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के नेता और सेंट्रल शाल्तांग से उम्मीदवार जफर हबीब डार की कुल संपत्ति ढाई करोड़ से ज्यादा है जबकि 8 करोड़ से अधिक की उनकी देनदारी है।

आई.टी.आर. के मुताबिक ये हैं उच्च आय वाले उम्मीदवार

भाजपा के रियासी सीट से प्रत्याशी कुलदीप राज दुबे की कुल संपत्ति 59 करोड़ से ज्यादा है। उनका सोर्स ऑफ इनकम बिजनेस है और उम्मीदवार द्वारा आई.टी.आर. में दर्शाई गई कुल आय 2 करोड़ से ज्यादा है। वहीं उम्मीदवार द्वारा आई.टी.आर. में दर्शाई गई स्वयं की आय 2 करोड़ से ज्यादा है।

डी.पी.ए.पी. के उम्मीदवार अशोक कुमार शर्मा की कुल संपत्ति 2 करोड़ से ज्यादा है। जिसमें उम्मीदवार द्वारा आई.टी.आर. में दर्शाई गई कुल आय 77 लाख से ज्यादा है। वहीं उम्मीदवार द्वारा आई.टी.आर. में दर्शाई गई स्वयं की आय 65 लाख से ज्यादा है। वहीं से निर्दलीय उम्मीदवार मसूद अहमद की कुल संपत्ति 38 करोड़ से ज्यादा है। उनके द्वारा आई.टी.आर. में दर्शाई गई कुल आय 72 लाख से ज्यादा है। उम्मीदवार द्वारा आई.टी.आर. में दर्शाई गई स्वयं की आय भी 72 लाख से ज्यादा है।

 


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News