Jammu: बैन के बावजूद खुलेआम बिक रहा 'गट्टू', 2 दर्जन से ज्यादा चपेट में, GMC में मची अफरा-तफरी
Friday, Aug 28, 2026-07:38 PM (IST)
जम्मू (निश्चय) : पतंगों के पर्व रक्षाबंधन पर्व पर आसमान में उड़ती मौत (गट्टू) की वजह से कईं लोगों के लिए खुशियों के माहौल कर गमगीन बन गया है। प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध व पुलिस की सख्ती के बावजूद गट्टू की बिक्री जम्मू में खुलेआम हुई, जिसका अंदाजा शुक्रवार को जी.एम.सी. व अन्य अस्पतालों में गट्टू की चपेट में आ जाने के कारण घायलों की हालत को देखकर लगाया जा सकता है।
केवल जम्मू के राजकीय मैडीकल कालेज अस्पताल की बात करें तो लगभग 14 के करीब लोग गट्टू की चपेट में आने के कारण घायल अवस्था में पहुंचाए गए। वहीं शहर के अन्य अस्पतालों में भी इसी तरह के मामले प्रकाश में आए हैं।
सूत्रों की मानें तो शाम 6 बजे तक GMC व अन्य समन्वय अस्पतालों में लगभग 26 के करीब गट्टू से घायल लोगों को उपचार के लिए पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि चाइनीज माझा (गट्टू) की चपेट में आने के कारण हर वर्ष कईं जाने चली जाती हैं और कईं लोगों को घायल होकर अस्पतालों का रूख करना पड़ता है।
इन बड़ते मामलों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रशासन द्वारा गट्टू की बिक्री व स्टोरेज पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया था, जिसके चलते पुलिस ने भी गट्टू बेचने वालों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखी और कईं आरोपियों को हिरासत में लिया परन्तु इसके बावजूद भी गट्टू की बिक्री नहीं रूकी।
जिसका सबूत रक्षाबंधन के लिए असमान में उड़ने वाली मौत के मामले प्रकाश में आने के बाद मिला।
शहर व इसके आसपास गट्टू के कारण हुए हादसों में घायलों को पहुंचाया अस्पताल
बख्शी नगर फलाईओवर के समीप घायल एक युवक पंकज ने बताया कि वह अपनी स्कूटी पर फलाईओवर से गुजर रहे थे, इसी दौरान गट्टू उनके गले में आकर फंस गया। पंकज को काफी गहरा कट लग गया और खून बंद नहीं हो रहा था।
लोगों के सहयोग से उसे GMC अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस घातक जानलेवा गट्टू का प्रयोग न करें, इससे किसी भी बेकसूर की जान जा सकती है। वहीं मलिक मार्किट में गट्टू की चपेट में आने के कारण एक अन्य युवक का गला कट गया और युवक को जी.एम.सी. में प्राथमिक उपचार के बाद एस.एम.जी.एस. अस्पताल पहुंचाया गया।
छन्नी हिम्मत में सुबह 10 बजे के करीब गट्टू की चपेट में आ जाने के कारण बाइक सवार सुंजवान निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने बताया कि युवक बाइक पर जा रहा था, अचानक वह बाइक से गिर गया।
जब वह पास पहुंचे तो देखा उसके गले में गट्टू फंसा हुआ था और वह खून से लथपथ था। लोगों के सहयोग से उसे एस.डी.एम. अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे जी.एम.सी. जम्मू में शिफ्ट कर दिया गया।
कहां से आ रहा जानलेवा मांझा?
पिछले दिनों गट्टू बेचने वालों के खिलाफ जम्मू पुलिस की कार्रवाई देखने को मिली। निसंदेह पुलिस ने कईं स्थानों पर छापेमारी कर भारी संख्या में गट्टू की चरखियों सहित कईं लोगों/दुकानदारों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए।
चिनोर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को गट्टू की 28 चरखीयों सहित गिरफ्तार किया वहीं नरवाल पुलिस ने एक नाबालिक से 70 चरखीयां बरामद की वहीं अन्य कार्रवाई के दौरान लगभग 100 के करीब चरखीयां बरामद की गई।
सांदवा पुलिस ने एक युवक को 22 चरखीयों सहित गिरफ्तार किया। वहीं जानीपुर पुलिस ने भी एक युवक को गट्टू बेचने के आरोप में हिरासत में लिया। कनक मंडी,पक्का डंगा व दोमाना में पुलिस ने विभिन्न दुकानों में छापेमारी कर दुकानदारों को गट्टू न बेचने की चेतावनी दी।
पुलिस की सख्ती के बावजूद भी गट्टू मार्किट में चोरी छिपे बिका, जिससे कईं लोग घायल हुए। आखिर कार कहां से आ रहा यह जान लेवा मांझा, इसकी जड़ तक पहुंच कर पुलिस को कार्रवाई करनी होगी।
वहीं आम नागरिकों को भी स्वयं एक जिम्मेदार शहरी बन कर इसका बहिष्कार करने के साथ-साथ उन लोगों की पुलिस को जानकारी देनी चाहिए, जो लोग थोड़े से मुनाफे के लिए यह घातक व जानलेवा मांझा बेच रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
