J&K : पतंग डोर की चपेट में आई स्कूटी सवार महिला, गले पर लगा कट
Saturday, Aug 29, 2026-11:39 PM (IST)
आर.एस.पुरा, (मुकेश): चोहाला से आर.एस.पुरा की ओर आ रही स्कूटी सवार महिला सपना देवी गट्टू डोर की चपेट में आ गई। गट्टू डोर से महिला के गले पर कट लग गया। हालांकि महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल सपना देवी ने बताया कि वह ब्यूटी पार्लर का काम करती हैं और अपनी दुकान बंद करने के बाद स्कूटी पर सवार होकर घर की ओर आ रही थीं। रास्ते में अचानक गट्टू डोर उनके गले में फंस गई। कुछ पल के लिए वह समझ नहीं पाईं कि उनके साथ क्या हुआ है। डोर की चपेट में आने के बाद स्कूटी रुक गई और उन्होंने किसी तरह अपने गले से डोर को बाहर निकाला।
महिला ने बताया कि इसके बाद वह इलाज के लिए आर.एस.पुरा अस्पताल पहुंचीं, जहां उनका उपचार किया गया। घटना के बाद उन्होंने थाना प्रभारी आर.एस.पुरा से मुलाकात कर क्षेत्र में गट्टू डोर की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की।
सपना देवी ने कहा कि कुछ लोग महज मनोरंजन के लिए ऐसी खतरनाक डोर का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन यह लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से गट्टू डोर बेचने वालों तथा इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित महिला ने कहा कि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
