J&K: गर्मी से मिलेगी राहत...बारिश की सम्भावना, पढ़ें Update
Monday, May 26, 2025-12:12 PM (IST)

जम्मू : जम्मू-कश्मीर में शनिवार को हुई बारिश के बाद रविवार को जम्मूवासी व अन्य आस-पास के इलाकों के लोग गर्मी से परेशान दिखे। बारिश से जम्मू कश्मीर के कई हिस्सों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन तेज धूप और लू के चलते लोगों के लिए दोपहर को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
रविवार दोपहर जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सैल्सियस के बीच रिकार्ड किया गया। सुबह आसमान साफ होने से गर्मी में इजाफा हुआ, लेकिन 10 बजे के बाद निकली सीधी धूप के चलते लोग परेशान रहे। अधिकतर राहगीर व दोपहिया वाहन चालकों को कपड़े से मुंह ढंके देखा गया। कई युवतियों व महिलाओं ने धूप से बचने के लिए छाते का सहारा लिया। कई बच्चों और युवाओं ने गर्मी से राहत पाने के लिए रणवीर नहर में डुबकियां लगाईं।
अधिकतर इलाके में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 26 मई को जम्मू-कश्मीर में आम तौर पर गर्म और शुष्क मौसम रहेगा। दोपहर के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार 27 से 31 मई तक जम्मू कश्मीर के कई स्थानों पर बारिश होने के साथ साथ जम्मू में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और कश्मीर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में 31 मई तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सैल्सियस की गिरावट रहेगी जिससे लोगों को गर्मी से कुछ हद राहत मिलने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here