J&K : फरार मवेशी तस्करों के घरों पर चिपकाए नोटिस, 7 दिन में मांगे संपत्ति के दस्तावेज
Monday, Jun 15, 2026-06:19 PM (IST)
आर.एस. पुरा, (मुकेश रैना): प्रशासन द्वारा क्षेत्र में नशा एवं मवेशी तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को गांव गुज्जर बस्ती, डाक बंगला में कार्रवाई की गई। एसडीएम आर.एस. पुरा अनुराधा ठाकुर, तहसीलदार चंद्रशेखर, नायब तहसीलदार अखिल मल्होत्रा तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बस्ती में पहुंचकर लंबे समय से फरार चल रहे दो कथित मवेशी तस्करों के घरों पर नोटिस चिपका दिए
प्रशासन ने दोनों आरोपियों के परिजनों को निर्देश दिया है कि वे सात दिनों के भीतर मकानों से संबंधित सभी दस्तावेज राजस्व विभाग के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि यह जांच की जा सके कि कहीं मकान सरकारी भूमि पर तो निर्मित नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार अब्दुल मजीद उर्फ बबल के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में मवेशी तस्करी एवं एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 18 मामले दर्ज हैं, जबकि लाल गुर्जर के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 मामले दर्ज बताए गए हैं।
दोपहर बाद अधिकारियों की टीम दोनों आरोपियों के घरों पर पहुंची और ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर नोटिसों की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी।
एसडीएम अनुराधा ठाकुर ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित परिवारों को सात दिनों के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, जिसके बाद नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी वर्तमान में फरार हैं तथा उनके खिलाफ विभिन्न थानों में अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।



