J&K में Heavy Rain Alert !... इन इलाकों को जारी हुई चेतावनी
Saturday, Aug 02, 2025-12:25 PM (IST)

जम्मू : जम्मू में बारिशों का दौर जारी है। जिसके चलते आने वाले दिनों में जम्मू में यैलो और Red Alert जारी किया गया है। बताते चलें कि शुक्रवार को जम्मू में दिन की शुरूआत हल्के बादलों से हुई, लेकिन दोपहर के समय लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। शाम के समय जम्मू में काले घने बादल छाए रहे। जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश कठुआ में 50.5 मि.मी. दर्ज की गई। संभाग के कुछ पहाड़ी व मैदानी इलाकों में हुई बारिश के चलते विभिन्न इलाकों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
जम्मू में 3 अगस्त तक यैलो और 4 से 6 अगस्त तक रहेगा रैड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू संभाग में 3 अगस्त तक यैलो और 4 से 6 अगस्त तक Red Alert जारी रहेगा। विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों तक जम्मू में गर्मी और उमस का प्रकोप जारी रहेगा। इसके साथ ही जम्मू के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी होगी। जम्मू संभाग के कई इलाकों में कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4 से 6 अगस्त तक जम्मू कश्मीर के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस अवधि के दौरान जम्मू संभाग के कई संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, मिट्टी धंसने, पत्थर गिरने की संभावना है। विभाग के अनुसार किसान 3 अगस्त तक कृषि की गतिविधियों को जारी रख सकते हैं।
तापामान में आई गिरावट
विभाग के अनुसार जम्मू संभाग के भद्रवाह के तापमान में सबसे अधिक गिरावट -6.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड की गई जिसके चलते वहां का तापमान 23 डिग्री सैल्सियस रहा। जम्मू के तापमान में -3.2 डिग्री सैल्सियस गिरावट दर्ज की गई जिसके चलते जम्मू का तापमान 29.9 डिग्री सैल्सियस रहा।
कटड़ा का तापमान -2.3 डिग्री की कमी के साथ 27.1 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। बटोत और बनिहाल के तापमान में भी -1.3 डिग्री सैल्सियस और -1.7 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जम्मू के न्यूनतम तापमान में भी - 2.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह कटड़ा के न्यूनतम तापमान में भी -1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जबकि श्रीनगर के अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई। इसी तरह कुपवाड़ा के तापमान में भी 2.3 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई जिसके चलते वहां का तापमान 33.2 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here