Katra में ऑटो चालकों के बीच गैंगवार! सरेआम फोड़ा सिर, अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक
Thursday, May 07, 2026-02:28 PM (IST)
कटड़ा (अमित शर्मा) : धर्मनगरी कटड़ा में एक बार फिर कानून व्यवस्था और ऑटो चालकों के बीच बढ़ती गुटबाजी को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। कटड़ा के मतियाल क्षेत्र में एक ऑटो चालक पर कुछ युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हमला कथित तौर पर “नीला ऑटो रिक्शा बनाम काला ऑटो रिक्शा” गुटबाजी के चलते किया गया।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान परबेज अहमद पुत्र साई निवासी नोमाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परबेज अहमद अपने ऑटो रिक्शा के साथ मतियाल क्षेत्र में खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर टायर खोलने वाले पाना जैसे भारी औजार से युवक के सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटड़ा(सीएचसी) पहुंचाया तथा पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कटड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
