बेमौसमी बारिश और तूफान ने खेतों में बिछाई फसलें, किसानों पर छाया रोजी-रोटी का संकट
Saturday, Oct 24, 2026-10:27 AM (IST)
परगवाल(रोहित मिश्रा): सीमावर्ती क्षेत्र परगवाल सहित आसपास के इलाकों में बेमौसमी बारिश और तेज तूफान ने एक बार फिर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले हुई बारिश के कारण किसानों की धान की फसलें जमीन पर बिछ गई थीं। खेतों में पानी भरने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसान अभी इस नुकसान से उबरने की उम्मीद ही कर रहे थे कि रात के समय हुई बारिश और तेज तूफान ने उनकी बची-खुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया।
रात के समय मौसम ने अचानक करवट बदली और बारिश के साथ चले तेज तूफान ने खेतों में खड़ी फसलों को एक बार फिर नुकसान पहुंचाया। पहले से ही जमीन पर गिरी फसलों के कारण परेशान किसान अब दोहरी मार झेलने को मजबूर हैं। किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। खेतों में बिछी फसलों को देखकर अन्नदाताओं के सामने अब सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि वे अपनी मेहनत की भरपाई कैसे करेंगे और परिवार का गुजारा किस तरह चलाएंगे।
किसानों का दर्द यह है कि खेती के लिए उन्होंने बीज, खाद, दवाइयों और अन्य जरूरी कामों पर अपनी जमा-पूंजी खर्च की थी। उन्हें उम्मीद थी कि धान की फसल तैयार होने के बाद उनकी मेहनत रंग लाएगी और परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा मिलेगा। लेकिन लगातार खराब मौसम ने उनकी उम्मीदों को गहरा झटका दिया है।
अब किसानों को प्रशासन से उम्मीद
लगातार बारिश और तूफान से प्रभावित किसानों को अब सरकार और प्रशासन से राहत की उम्मीद है। जरूरत है कि कृषि विभाग के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर फसलों को हुए नुकसान का मौके पर आकलन करें और रिपोर्ट तैयार कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए कदम उठाएं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कुदरत की मार से किसान की फसल ही बर्बाद हो जाए, तो उसकी मेहनत और लागत की भरपाई कौन करेगा? अन्नदाता देश का पेट भरता है, लेकिन जब उसी की फसल खेतों में बिछ जाती है, तो उसके परिवार की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाता है।
अब देखना यह होगा कि किसानों की इस गंभीर समस्या पर सरकार और प्रशासन कब तक संज्ञान लेते हैं और प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
