CRPF ने हीरानगर में निकाली भव्य बाइक तिरंगा रैली, गूंजे ''भारत माता की जय'' के नारे
Friday, Aug 14, 2026-04:03 PM (IST)
हीरानगर/कठुआ ( लोकेश वर्मा ) : स्वतंत्रता दिवस और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को CRPF के ग्रुप सेंटर हीरानगर की ओर से भव्य बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। लोंडी मोड़ स्थित ग्रुप सेंटर से शुरू हुई इस रैली में CRPF के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे जवान जब बाइक पर सवार होकर निकले तो पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बन गया। रैली का नेतृत्व CRPF ग्रुप सेंटर हीरानगर के DIG मुनीश कुमार सचर ने किया।

रैली के दौरान जवानों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ लोगों को राष्ट्र प्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। तिरंगे से सजी बाइकों पर निकली इस रैली ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी खास बना दिया। CRPF अधिकारियों के अनुसार वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर युवाओं और आम लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के दौरान सीआरपीएफ के जवान विभिन्न मार्गों से होते हुए मिडिल स्कूल छन्न खत्रियां पहुंचे। इसके बाद रैली के सरकारी मिडिल स्कूल छन्न खत्रियां पहुंचने पर विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने सीआरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर वंदे मातरम् के गायन से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
विद्यार्थियों ने भी राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना का प्रदर्शन किया। CRPF अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के साथ-साथ ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
