रक्षाबंधन से पहले Jammu में चाइनीज मांझे पर सख्ती, कई दुकानों पर छापे, लोगों की भी अपील

Wednesday, Aug 26, 2026-05:20 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर ) :  देशभर की तरह जम्मू-कश्मीर में भी रक्षाबंधन का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। रक्षाबंधन के मौके पर जम्मू के कई इलाकों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग पतंगबाजी का आनंद लेते हैं। लोग अपने घरों की छतों पर पतंग उड़ाकर त्योहार की खुशियां मनाते हैं। हालांकि, पतंगबाजी के दौरान चाइनीज मांझे (गट्टू डोर) का इस्तेमाल लोगों के साथ-साथ पक्षियों और जानवरों के लिए भी गंभीर खतरा बन रहा है। यह मांझा बेहद मजबूत और धारदार होता है। पतंग उड़ाने के बाद यह कई बार सड़कों, फ्लाईओवर, पेड़ों और बिजली के तारों में फंस जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के घायल होने का खतरा रहता है। कई मामलों में यह मांझा गर्दन में फंसकर गंभीर चोट का कारण भी बन सकता है।

चाइनीज मांझे की इसी खतरनाक प्रकृति को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में इसके इस्तेमाल और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ दुकानों पर चोरी-छिपे इसकी बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऑनलाइन माध्यमों से भी इसकी बिक्री की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी निगरानी और जांच तेज कर दी है। जम्मू के पक्के डंगा बाजार समेत कई इलाकों में पतंग की दुकानों की जांच की जा रही है, ताकि बैन की गई इस चाइनीज डोर की बिक्री को रोका जा सके। पुलिस दुकानदारों को भी प्रतिबंधित डोर न बेचने की सख्त हिदायत दे रही है।

पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि रक्षाबंधन के मौके पर पतंग उड़ाते समय चाइनीज डोर का इस्तेमाल न करें। सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल धागे का ही प्रयोग करें, ताकि त्योहार की खुशियों के बीच किसी इंसान, पक्षी या जानवर की जान खतरे में न पड़े।

पुलिस का कहना है कि जिंदगी इंसान की हो, पक्षी की हो या किसी जानवर की—हर जिंदगी अनमोल है। इसलिए सुरक्षित पतंगबाजी करें और रक्षाबंधन का त्योहार खुशियों के साथ मनाएं। 

PunjabKesari

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए