J&K: बिजली शुल्क में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का सरकार को अल्टीमेटम, दी चेतावनी

Sunday, Aug 30, 2026-01:46 PM (IST)

बारामूला (  रेजवान मीर ) :   बिजली शुल्क में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए सरकार से इस फैसले पर तत्काल पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की है। वागूरा-क्रीरी के विधायक एवं कांग्रेस नेता एडवोकेट इरफान हफीज़ लोन ने कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां शामिल हैं और नेशनल कॉन्फ्रेंस भी इस गठबंधन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में इसलिए शामिल हुई है ताकि जनता के मुद्दों को उठाया जा सके और लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो।

उन्होंने बिजली शुल्क में की गई बढ़ोतरी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस इस फैसले की निंदा करती है और जनता पर बढ़े आर्थिक बोझ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि बिजली शुल्क में बढ़ोतरी के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए और आम जनता को राहत दी जाए। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी बारामूला के अध्यक्ष मीर इकबाल ने भी बिजली शुल्क में बढ़ोतरी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर बिजली शुल्क बढ़ाकर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।

मीर इकबाल ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अक्सर यह कहती है कि उसके हाथ में कुछ नहीं है, लेकिन जब प्रोटोकॉल और नई-नई गाड़ियों की बात आती है तो उनके हाथ में सब कुछ होता है। उन्होंने कहा कि जब आम जनता को राहत देने की बात आती है तो सरकार अपने हाथ खड़े कर देती है, जबकि जनता पर बोझ डालने वाले फैसलों के समय सभी अधिकार मौजूद दिखाई देते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा जरूर है, लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने सरकार से अपील की कि बिजली शुल्क में बढ़ोतरी सहित आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाले फैसलों पर पुनर्विचार किया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी जनता के हितों और उनके अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी तथा ऐसे किसी भी फैसले का विरोध करेगी जिससे आम लोगों की परेशानियां और आर्थिक बोझ बढ़े।

PunjabKesari

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए