J&K में ठंड का रिकॉर्ड ब्रेक, सीजन की सबसे सर्द रात, जमने लगी Dal Lake

Thursday, Jan 08, 2026-04:10 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर डेस्क: कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात घाटी के अधिकांश इलाकों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे श्रीनगर समेत कई जगहों पर इस सीजन की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई। भीषण ठंड के चलते प्रसिद्ध डल झील सहित कई जलस्रोतों के किनारे जमने लगे हैं।

राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.2 डिग्री कम है। मध्य कश्मीर के गंदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान माइनस 9.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.2 डिग्री और पहलगाम में माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा काज़ीगुंड, कोकरनाग और कुपवाड़ा में भी पारा माइनस 3 से माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

फिलहाल कश्मीर घाटी ‘चिल्लई कलां’ के दौर से गुजर रही है, जिसे 40 दिनों की सबसे कठोर ठंड की अवधि माना जाता है। यह दौर 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी 2026 तक चलेगा। हालांकि अब तक घाटी के मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन ठंड का असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 20 जनवरी तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। वहीं 10 जनवरी तक रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News