Jammu में लगेंगे 40000 पौधे, नगर निगम ने शुरू किया "क्लीन जम्मू, ग्रीन जम्मू" अभियान
Tuesday, May 12, 2026-03:59 PM (IST)
जम्मू(रोशनी): जम्मू नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा, हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए "क्लीन जम्मू, ग्रीन जम्मू" विशेष अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इस सिलसिले में JMC कमिश्नर डॉ. देवांश यादव ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वच्छता, हरियाली बढ़ाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की।
कमिश्नर डॉ. यादव ने बताया कि अभियान के तहत शहर के 20 से अधिक तालाबों/जल निकायों की सफाई और जीर्णोद्धार का काम जारी है। इनके स्थायी रखरखाव के लिए स्थानीय निवासियों की कमेटियां बनाई जाएंगी, जो तालाबों को "गोद" लेकर उनकी देखभाल करेंगी। JMC ने नागरिकों से ऑनलाइन लिंक के जरिए फॉर्म भरकर जल निकाय संरक्षण में स्वैच्छिक भागीदारी की अपील की है। डॉ. यादव ने कहा कि मॉनसून से पहले शहर के विभिन्न हिस्सों में 40 हजार से ज्यादा पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। नागरिकों को जोड़ने के लिए JMC ने swachh.jk.gov.in/clean-jammu-cert` पर रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की है। यहां लोग पौधारोपण अभियान से जुड़ सकते हैं और "एक पेड़ गोद" ले सकते हैं। हर गोद लिए पेड़ पर QR कोड लगाया जाएगा, जिससे जिम्मेदारी तय होगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जुड़ाव बढ़ेगा।
कमिश्नर ने बताया कि शहर की खाली जगहों पर फूलों वाले और सजावटी पौधे भी लगाए जाएंगे, ताकि जम्मू की सुंदरता और ग्रीन कवर बढ़े। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट ने बिल्डिंग बायलॉज में संशोधन किया है। डॉ. देवांश यादव ने जम्मू के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, वॉलंटियर्स और युवा समूहों से अपील की है कि वे JMC के साथ मिलकर जम्मू को सही मायनों में "क्लीन एंड ग्रीन" बनाने में सहयोग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
