J&K विधानसभा के प्रस्ताव पर BJP का हंगामा, जिला ग्रामीण इकाई ने भी जताया विरोध
Tuesday, Sep 29, 2026-05:30 PM (IST)
आर.एस. पुरा (मुकेश): भारतीय जनता पार्टी की जिला ग्रामीण इकाई की ओर से मंगलवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार द्वारा विधानसभा में पारित किए गए विधेयक के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष रिंकू चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा में अनुच्छेद 370, 35 की बहाली, अटॉनर्मी और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने से संबंधित विधेयक पारित किया गया है, जिसका भाजपा पुरजोर विरोध करती है। रिंकू चौधरी ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार का यह कदम जम्मू-कश्मीर में अस्थिरता पैदा कर सकता है और इससे आतंकवाद को बढ़ावा मिलने की आशंका है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस विधेयक को नामंजूर किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के विरोध में नहीं है, लेकिन नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा जिस तरीके से इस तरह का विधेयक विधानसभा में पारित किया गया है, उसका पार्टी कड़ा विरोध करती है। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए विधेयक के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाया।
