Rajouri से मिली माता रानी की प्राचीन प्रतिमा, क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल
Saturday, Aug 09, 2025-04:06 PM (IST)

राजौरी ( शिवम बक्शी ) : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में स्थित खैरसू नदी से माता रानी की एक कथित प्राचीन प्रतिमा के मिलने से पूरे इलाके में धार्मिक आस्था और उल्लास की लहर दौड़ गई है। जैसे ही प्रतिमा के मिलने की खबर फैली, स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ नदी किनारे इकट्ठा हो गई। लोगों ने इसे चमत्कारिक घटना बताया और इसे माता रानी की कृपा का प्रतीक माना।
प्रतिमा को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विधिवत पूजन के बाद पास के मंदिर में स्थापित किया गया। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, जागरन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि माता रानी ने स्वयं को प्रकट कर आशीर्वाद दिया है, और यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता लेकर आई है।
एक स्थानीय श्रद्धालु ने कहा, “ऐसा प्रतीत होता है जैसे माता स्वयं हमें दर्शन देने आई हैं। हम सब कृतज्ञ हैं और इसे जीवन भर नहीं भूलेंगे।” इस अनोखी घटना को देखने के लिए अब आस-पास के गांवों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावना भी बन रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here