J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में आज से फिर बदलेगा मौसम, कड़ाके की ठंड के बीच Snowfall की आशंका
Monday, Jan 26, 2026-03:42 PM (IST)
जम्मू/श्रीनगर (रितेश) : कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड से लोगों को रविवार को थोड़ी राहत मिली है। घाटी के अधिकांश इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ौतरी दर्ज की गई, हालांकि तापमान अब भी शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान -1.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान -10.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे एक रात पहले गुलमर्ग में तापमान -12 डिग्री सैल्सियस था।
दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान -6.2 डिग्री सैल्सियस रहा, जबकि इससे पहले रात यह -7.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। पहलगाम हर साल होने वाली अमरनाथ यात्रा का प्रमुख आधार शिविर भी है। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान -3.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कोकरनाग में -5 डिग्री और कुपवाड़ा में -3.5 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर को प्रभावित कर सकता है, जिसके चलते अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है। सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक कुछ स्थानों पर तेज बारिश या बर्फबारी के साथ गरज और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि इसके बाद 3 फरवरी तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के प्रभाव में है। यह 40 दिनों का सबसे सर्द दौर होता है, जिसमें रात के तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चले जाते हैं और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ की शुरुआत 21 दिसम्बर को हुई थी और यह 30 जनवरी को समाप्त होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
