अमरनाथ यात्रा दौरान इस बार टूटेंगे रिकॉर्ड! श्रद्धालु लगातार करवा रहे पंजीकरण

7/1/2024 4:05:12 PM

अनंतनाग: अमरनाथ यात्रा दौरान इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं के आगमन के कयास लगाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में 4.45 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

यह भी पढ़ें :  J&K Breaking : पुलिस के हत्थे चढ़ा आतंकी सहयोगी, हथियार और गोला-बारूद बरामद

जानकारी के अनुसार पिछले डेढ़ महीने में साढ़े तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु अग्रिम पंजीकरण करवा चुके हैं। फिलहाल अभी भी श्रद्धालु लगातार बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए अपना पंजीकरण करवा रहे हैं। इस बार पंजीकरण को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह भी देखने को मिल रहा है। इसके अलावा हेलिकॉप्टर बुकिंग के लिए अलग से पंजीकरण करवाना पड़ता है और एक लाख के करीब श्रद्धालु उसी वक्त अपनी बुकिंग करवाते हैं। वहीं पहले 2 दिनों में ही करीब 28 हजार श्रद्धालुओं ने अमरनाथ गुफा के दर्शन किए। इसलिए लग रहा है कि इस बार शायद श्रद्धालु भारी मात्रा में अमरनाथ यात्रा करेंगे।

यह भी पढ़ें :  जम्मू-कश्मीर में गिरा पहाड़ का बड़ा हिस्सा, कई दिनों तक बंद रहेगा यह मार्ग

गौरतलब है कि वर्ष 2011 में आज तक के सबसे अधिक 6.36 लाख श्रद्धालुओं ने अमरनाथ गुफा के दर्शन किए थे। इस रिकॉर्ड को आज तक किसी भी वर्ष में तोड़ा नहीं गया। इसके बाद वर्ष 2012 में भी 6.20 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। अमरनाथ यात्रा दौरान लोग देश-विदेश से आते हैं और शिवमय रंग में रंग जाते हैं। दूर-दूर से श्रद्धालु अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करने आते हैं। इस बार यदि आंकड़ा 2011 के रिकॉर्ड को भी पार कर जाता है तो वर्ष 2024 सबसे अधिक अमरनाथ तीर्थयात्रियों के आगमन का रिकॉर्ड कायम कर लेगा। 2 दिनों में करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं और रोजाना कई हजार श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करवा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  Amarnath Yatra 2024 : जम्मू कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष ने किया तीर्थयात्रियों का स्वागत

बता दें कि बालटाल और पहलगाम दोनों रूटों से श्रद्धालु अमरनाथ गुफा में दर्शन करने जाते हैं। इस बार अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू होकर 19 अगस्त को खत्म होगी। इस वर्ष यात्रा 52 दिनों तक चलेगी। इतने समय में कितने श्रद्धालु गुफा में दर्शन करने के लिए आते हैं ये तो आने वाले दिनों में ही पता चलेगा।


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News