J&K: इस इलाके में AK-47 समेत ग्रेनेड बरामद, पुराने मकान में छिपा था हथियारों का जखीरा!
Monday, Aug 24, 2026-11:57 PM (IST)
बारामूला (रेज़वान मीर) : सोपोर के मंज़सीर इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान (CASO) चलाकर हथियारों और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद किया है। यह अभियान सोपोर SOG ने 52 राष्ट्रीय राइफल्स (RR), CRPF की 177वीं और 179वीं बटालियन के साथ मिलकर पुलिस स्टेशन तरज़ू के अधिकार क्षेत्र में चलाया।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक परित्यक्त मकान से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। बताया जा रहा है कि यह मकान एक कश्मीरी पंडित परिवार का था, जो वर्ष 1990 में क्षेत्र से पलायन कर गया था। बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, तीन मैगजीन, 72 राउंड गोला-बारूद, चार हैंड ग्रेनेड और एक IED शामिल है।
सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया है। मामले की आगे जांच जारी है और जांच एजेंसियां बरामद हथियारों के स्रोत, स्वामित्व तथा इन्हें वहां रखे जाने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हैं। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
