आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को मिली नई जिंदगी, जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी ने बनाया रिकॉर्ड

Wednesday, May 13, 2026-01:04 PM (IST)

राजौरी(शिवम बक्शी): अकसर क्रिकेट में बल्लेबाजों को शतक पूरा करने पर जश्न मनाते देखा जाता है, लेकिन 12 मई को जम्मू-कश्मीर के सुदूर जिला राजौरी में एक अलग और प्रेरणादायक शतक का जश्न मनाया गया। यह शतक क्रिकेट का नहीं बल्कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 100 से अधिक मरीजों के सफल इलाज का था।

करीब 2 साल पहले श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा संचालित एस.एम.वी.डी. नारायणा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल (SMVD Narayana Superspeciality Hospital) कटरा में कार्यरत सीनियर जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन (Joint Replacement Surgeon) डॉ. विकास पाधा ने राजौरी में हर महीने आउटरीच ओ.पी.डी. (Outreach OPD) की शुरुआत की। इसका उद्देश्य दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के उन मरीजों तक पहुंचना था जो आर्थिक और अन्य कारणों से बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते थे।

इस पहल के माध्यम से ऐसे मरीजों की पहचान की गई जिन्हें घुटने की रिप्लेसमेंट (Knee Replacement) और कूल्हे की रिप्लेसमेंट (Hip Replacement) जैसी जटिल एवं महंगी सर्जरी की आवश्यकता थी। आयुष्मान भारत योजना PMJAY स्वास्थ्य के तहत अस्पताल पैनल होने के कारण गरीब से गरीब मरीज भी आयुष्मान कार्ड के माध्यम से यह महंगी सर्जरी निशुल्क करवा सके।

डॉ. विकास पाधा ने मरीजों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया और एक-एक करके घुटने की रिप्लेसमेंट और कूल्हे की रिप्लेसमेंट सर्जरी का सिलसिला शुरू हुआ। बहुत कम समय में यह आंकड़ा 100 से अधिक सफल सर्जरी तक पहुंच गया।

इस उपलब्धि को लेकर राजौरी में एक समारोह आयोजित किया गया जिसमें लाभार्थी मरीजों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान डॉ. विकास पाधा ने आयुष्मान भारत योजना को गरीबों के लिए वरदान बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के कारण दूरदराज़ जनजातीय इलाकों के गरीब मरीज भी 2-3 लाख रुपये तक की महंगी सर्जरी मुफ्त में करवा सके।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का भी धन्यवाद किया, जिनके प्रयासों से PMJAY स्वास्थ्य योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थी मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि आयुष्मान भारत योजना ने उनके जीवन में नया बदलाव लाया है। इस अवसर पर “टूटे परिंदों की नयी उड़ान – A Tale of Unique Century” नामक शॉर्ट फिल्म का प्रीमियर भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।

राजौरी और पुंछ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में आयुष्मान भारत योजना के तहत घुटने की रिप्लेसमेंट और कूल्हे की रिप्लेसमेंट सर्जरी का यह अनोखा शतक एक बार फिर यह साबित करता है कि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन जरूरतमंद लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News